मौसम बदलने की सुगबुगाहट, बढ़ रहे बारिश के आसार

नई दिल्ली। तीखी गर्मी के बाद मौसम बदलने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। देश के कई इलाकों से आंधी, बारिश और बदली की खबरें आ रही हैं। आने वाले कुछ दिन राहत भरे हो सकते हैं।

मौसम

मौसम बदलने की आहट

देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह आंशिक रूप से बदली छाई रही। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “सुबह या शाम में कुछ इलाकों में बारिश या गरज के साथ फुहारें पड़ने की संभावना है।”

मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं। अधिकारी ने कहा कि सुबह 8.30 बजे वातावरण में 49 फीसदी आद्र्रता दर्ज की गई।

वहीं, एक दिन पहले यानी गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं, मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार सुबह राहत भरी रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान आंधी चलने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान राजस्थान में हवाओं का चक्रवात बनने और अरब सागर से नमी आने के कारण राज्य में आई आंधी और बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है।

आंधी में पेड़ गिरने से आवागमन और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल में 4.3 मिलीमीटर, इंदौर में 2.6 मिलीमीटर, ग्वालियर में 13.1 मिलीमीटर और उज्जैन में 21.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान आधी और बारिश के आसार हैं।

राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री, इंदौर में 20.9 डिग्री, ग्वालियर में 19.8 डिग्री और जबलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले यानी गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री, इंदौर में 39 डिग्री, ग्वालियर में 39.2 डिग्री और जबलपुर में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उधर, बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार सुबह हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए हैं। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के उपनिदेशक आर.के.के. गिरी ने बताया कि झारखंड पर बना कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को पूरी तरह खत्म हो जाएगा और शनिवार से बिहार में मौसम फिर से करवट लेगा।

राजधानी पटना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

इसके अलावा पूर्णिया में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री, भागलपुर में 22.2 डिग्री तथा गया में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, एक दिन पहले यानी गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 36़1 डिग्री, पूर्णिया में 34.3 डिग्री और गया में 37़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

LIVE TV