मेरठ : व्यापारी को ट्रक ने कुचला, मौत

मेरठ। मॉर्निंग वॉक करके घर लौट रहे लोहा व्यापारी को सिलेंडरों से भरे ट्रक ने कुचल दिया। व्यापारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भाग रहे आरोपी चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।

थाना टीपी नगर क्षेत्र के गुरूनानक नगर निवासी गविन्द्र खन्ना (48 वर्ष) पुत्र धर्मवीर लोहे का व्यापार करते थे। गविन्द्र की केसरगंज में लोहे की दुकान है। वह रोजाना सुबह के समय घूमने के लिए जाते थे। शनिवार सुबह गविन्द्र मॉर्निंग वॉक करके लौट रहे थे। साढ़े पांच बजे के आस-पास जब वे गुरूनानक नगर के पास पहुंचे, तभी उन्हें सिलेंडरों से भरे ट्रक ने कुचल दिया। गविन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक लोनी से नजीबाबाद जा रहा था। घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक सुरेश पुत्र कल्लू निवासी करीमपुरा थाना सुहा को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने चालक को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

प्रस्‍तुति – अक्षय कुमार

LIVE TV