मेरठ : पुलिस ने पकड़ा अवैध पशु कत्लखाना

मेरठ: शहर के नीचा सद्दीक नगर में पुलिस को पशु कत्लखाना चलता मिला। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ कोतवाली ने गोकशी की शिकायत पर कई थानों की फोर्स के साथ छापा मारा। मौके से एक दर्जन से ज्यादा कटे हुए पशु और बड़ी संख्या में जिन्दा पशु मिले। इस दौरान पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर कत्लखाने को सील कर दिया। इससे पहले इत्तफाक नगर में भी ऐसा ही कत्लखाना चलता मिला था।

नीचा स्द्दीक नगर निवासी कय्यूम पुत्र हकीमुल्लाह और अलीम पुत्र गनी डेयरी चलाते हैं। डेयरी के बहाने ये कत्लखा ना चला रहे थे। एक सप्ताह से लिसाड़ी गेट पुलिस को गोकशी की सूचना दी जा रही थी, लेकिन पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

शुक्रवार सुबह सात बजे सच संस्था के अध्यक्ष संदीप पहल ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को डेयरी की आड़ में गोकशी होने की सूचना दी। जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार, सीओ कोतवाली विनीत भटनागर ने लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी और नौचंदी पुलिस के अलावा पीएसी के साथ मौके पर जाकर डेयरी की घेराबंदी कर ली।

पुलिस ने वेटनरी डॉक्टर और नगर निगम की टीम को भी मौके पर बुला लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से आठ लोगों को कटान करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें ब्रह्मपुरी थाने भेज दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में हाजी नौशाद, सरफराज, सादिक, मोहम्मद जानू, सैफुद्दीन, हारून, सुयेब, मौ. हसन निवासी नीचा सद्दीनगर को गिरफ्तार किया है। वहीं डेयरी मालिक कय्यूम और अलीम के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया गया।

इस मामले में सच संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप पहल का कहना है कि प्रदेश सरकार ने जनता को आश्वासन दिया था कि गोकशी और अवैध पशु कटान होने पर थाना प्रभारी जिम्मेदार होगा। लेकिन एसओ लिसाड़ीगेट रवेंद्र यादव के क्षेत्र में हर रोज कटान मिलता है। पांच दिन पहले भी नीचा सद्दीकनगर में गोकशी पकड़ी थी। एक सप्ताह से सूचना देने के बाद शुक्रवार सुबह अफसरों ने छापा मारा। सूचना के सवा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जब तक आरोपियों ने मौके से गौवंश को हटवा दिया था। पुलिस की मिलीभगत से अवैध कटान चल रहा है।

प्रस्तुति- आदेश कुमार

LIVE TV