मेरठ : महिला होमगार्ड ने की जिला कमांडेंट की पिटाई

महिला होमगार्डमेरठ| होमगार्ड आफिस में महिला होमगार्ड के जिला कमांडेंट को पीटने का मामला सामने आया है| महिला होमगार्ड ने जिला कमांडेंट पर छेड़छाड़ के आरोप भी लगाये हैं| जिला कमांडेंट और उनके चपरासी ने दफ्तर से भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई|

महिला होमगार्ड के आरोप

पुलिस को दिए बयान में महिला होमगार्ड ने बहाल करने के नाम पर रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया है| महिला ने जिला कमांडेंट पर शारीरिक संबंध का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है| हालाँकि पुलिस ने महिला की तहरीर लेने से इन्कार करते हुए, महिला होमगार्ड के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया है|

कंकरखेड़ा की एक महिला 2002 से होमगार्ड विभाग में है। 2013 में होमगार्डो को स्थाई करने की मांग के चलते  मेरठ से होमगार्डो का एक जत्था प्रदर्शन के लिए लखनऊ पहुंचा था। इसके चलते दो पुरुष और दो महिलाओं को निलंबित किया गया था|

इनमें से एक महिला होमगार्ड तो बहाल हो गयी लेकिन दूसरी पिछले काफी समय से बहाली की मांग कर रही थी। इस सिलसिले में बुधवार दोपहर को ये महिला एमडीए बिल्डिंग में जिला कमांडेंट आर. नारायण के दफ्तर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि दफ्तर में उससे छेड़छाड़ की गई। जिस कारण उसने जिला कमांडेंट पर जूते बरसा दिए।

फिलहाल, पुलिस ने जिला कमांडेंट की तहरीर पर पीड़िता के खिलाफ ही लोकशांति भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है|

प्रस्तुति – आदेश कुमार

LIVE TV