मुरादाबाद : फेसबुक के जरिए महिलाओं से करोड़ों की ठगी

मुरादाबादमुरादाबाद। उत्‍तर प्रदेश के मुरादाबाद में महिलाओं से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मुरादाबाद पुलिस ने महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का खुलासा  किया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी फेसबुक के जरिए महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे।

मुरादाबाद का मामला

पुलिस ने खुलासा किया है कि फ़ेसबुक पर हाईप्रोफाइल परिवार की महिलाओं से दोस्ती कर गिरोह के सदस्य उनको अपने जाल में फंसा लेते थे। महिलाओं को लालच देकर उनसे ठगी करते थे। शुरूआती पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अठारह महिलाओं से करोड़ों रुपए की ठगी करने की बात को स्वीकार किया है।

वहीं बरेली जनपद का रहने वाला बदमाशों का ये गिरोह दिल्ली में फर्जी नाम पते से बैंक अकाउंट खुलवाता था। उसके बाद अमीर घरों की महिलाओं को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे लगातार चैटिंग करता था। मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक महिला को भी गिरोह के सदस्य द्वारा फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गयी थी। महिला का प्रोफाइल देखने के बाद कुछ दिनों का इंतजार कर गिरोह के सदस्यों ने उसे गिफ्ट भेजने की बात कही। महिला के इंकार करने के वावजूद ठगों ने महिला को बताया कि उसका गिफ्ट पार्सल कर दिया है।

इसके बाद महिला को कस्टम क्लियर कराने के नाम पर फोन किये गए और पार्सल में विदेशी करेंसी होने की बात कही गयी। कानून का डर दिखाकर महिला को मामला सुलझाने के नाम पर पैसा खातों में डालने को कहा गया। एक हफ्ते में ठगों ने महिला से अपने बैंक खाते में बाइस लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। जब ठगों की मांग बढ़ती रही तो महिला ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद ही पुलिस ने दिल्ली में रह रहे बरेली के छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

वहीं गिरोह का मास्टरमाइंड अभी भी फरार चल रहा है और पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार विदेशों से भी जुड़े हो सकते हैं। गिरोह द्वारा गुड़गांव की एक महिला से भी 52 लाख रुपयों की ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सामाजिक और परिवारिक बदनामी के डर से महिला ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के मास्टर माइंड की तलाश में लगातार दबिश भी दी जा रही है।

LIVE TV