फिर बढ़ने लगा सरयू नदी का जलस्तर, बाढ़ प्रभावित गांवों में किया अलर्ट
सरयू नदी का जलस्तर गुरुवार को फिर बढ़ने लगा। दोपहर 12 बजे तक स्तर खतरे के निशान 106.070 मीटर के सापेक्ष 106.806 था जो शाम चार बजे बढ़कर 106.826 मीटर हो गया। पिछले दो दिनों तक हुई बारिश के बाद नेपाल की पहाड़ी नदियों का पानी सरयू में छोड़े जाने से पानी दोबारा बढ़ रहा है। पिछले हफ्ते जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर तक पहुंच गया था, पर धीरे-धीरे घटने लगा तो लोगों ने राहत की सांस ली थी।
जिले में मौजूदा समय 85 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें से 47 गांवों में तो आवागमन के रास्ते पानी के बहाव से कट गए हैं। डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि बाढ़ के ²ष्टिगत राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। गुरुवार को पशुओं के लिए 40 क्विंटल भूसा बांटा गया। 124 पशुओं व 187 लोगों का उपचार किया गया। 179 राहत किटों का वितरण किया। रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम कोरिनपुरवा के मंशा, राकेश, राजेंद्र प्रसाद, कलावती, रामजीलाल, क्षितिज, राम सुरेश, अर्जुन, सुनील के घर भी कट गए थे। विधायक शरद कुमार अवस्थी के हाथ से आर्थिक सहायता राशि के स्वीकृत पत्र बंटवाए गए।