‘यूपी में हत्या, लूट व दुष्कर्म… बस यही काम बोलता है’

नलिन कोहलीलखनऊ। जिस प्रदेश में महिलाएं, बच्चियों के साथ दुष्कर्म, व्यापारियों की हत्या आम बात हो गई है, लोगों में दहशत है, वहां क्या यही काम बोलता है? भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सवाल पूछते हुए यह बातें कहीं।

समाजवादी पार्टी राज्य में उसकी सरकार के किए गए विकास कार्यो को चुनाव में उठा रही है। उसने नारा दिया है ‘काम बोलता है।’ भाजपा प्रवक्ता उसी पर सवाल उठा रहे थे।

नलिन कोहली का अखिलेश पर निशाना

कोहली ने व्यापारियों की हत्या व उत्पीड़न, वसूली आदि पर भी मुख्यमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा, “लखनऊ के व्यापारी श्रवण साहू की हत्या तथा हत्या में शामिल अपराधियों का पकड़ा न जाना, जिस पर न्यायालय ने भी सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। उधर सुल्तानपुर में पेट्रोल पंप मालिक की गोली मार कर हत्या जैसी घटनाएं। क्या यही मुख्यमंत्री का काम बोलता है।”

कोहली ने कहा कि प्रदेश में नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार, प्रतिदिन 24 महिलाओं के साथ दुष्कर्म, 21 दुष्कर्म की कोशिश, 13 हत्याएं, 136 चोरियां जैसी लगभग 7650 अपराध की घटनाएं हो रही है। क्या यही काम बोलता है।

कोहली ने कहा कि अब तो सपा-बसपा प्रत्याशियों के बीच खूनी संघर्ष भी हो रहा है। हाथरस में एक व्यक्ति की आपसी संघर्ष में मृत्यु हुई तथा कई घायल हुए। क्या यही मुख्यमंत्री की कानून व्यवस्था है। यह कैसा काम बोलता है?

LIVE TV