देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 35.42 लाख के हुई पार….

भारत में कोरोना वायरस के मामले रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 35.42 लाख को पार कर गई है। उधर, कोरोना महामारी पर गठित उच्च स्तरीय मंत्री समूह (जीओएम) ने जानकारी दी है कि भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना के मामले और मौतें दुनिया में सबसे कम हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने जीओएम को बताया कि भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर कुल मामले 2,424 हैं और मौतों की संख्या 44 है। जबकि, वैश्विक औसत 3,161 मामले और 107.2 मौतें हैं।

मंत्रालय ने बताया कि कोरोना से देश में हुई कुल मौतों में 81 फीसदी मौतें सात राज्यों में हुई हैं। ये राज्य हैं-महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और बंगाल। जबकि, कुल सक्रिय मामलों में 73 फीसद मामले आठ राज्यों-महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना में हैं।

बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उल्लेखनीय काम किया गया है। उन्होंने इस प्रयास में केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वय पर भी संतोष व्यक्त किया। जीओएम ने आने वाले त्योहारों को लेकर भी चिंता जताई और लोगों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।

LIVE TV