विवादास्पद इस्लामिक प्रचारक के ठिकानों पर छापा, आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप

जाकिर नाइक की संस्थामुंबई। नेशनल इनवेस्टिगेटिव एजेंसी ने शुक्रवार को इस्लामिक धर्म प्रचारक जाकिर नाइक की संस्था इस्लामिक रिसर्च फांउडेशन के खिलाफ एफआईआर  दर्ज करवाई। इसके बाद शनिवार सुबह मुंबई में एनआईए और पुलिस टीम ने आईआरएफ के आठ ठिकानों पर छापेमारी की।

आईआरएफ के बाहर लगा पोस्टर..

जाकिर नाइक पर गैरकानूनी गतिविधियों और भड़काऊ भाषण के माध्यम से भारत में विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच शत्रुता और घृणा को बढ़ावा देने जैसे कई आरोप हैं।

इससे एक दिन पहले नाइक की संस्था आईआरएफ पर बैन लगा दिया गया था और एनजीओ पर विदेश से चंदा लेने पर भी रोक लगाई थी। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को जाकिर नाइक की संस्था के सामने एक नोटिस भी चिपकाया है।

मालूम हो कि गृह मंत्रालय ने आतंक रोधी कानून के तहत जाकिर नाइक की संस्था पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया है। जाकिर के एनजीओ को प्रतिबंधित करने से पहले तमाम गैरकानूनी गतिविधियों की जांच की गई थी।

खाड़ी देशों से फंड लेने की बात सामने आई

इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को खाड़ी देशों से फंड मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद सरकार ने कुछ दिन पहले चंदे पर रोक लगाई थी।

आईआरएफ का हेड ऑफिस मुंबई में है। बांग्लादेश में आतंकी हमले के आरोपियों के जाकिर से प्रेरित होने के खुलासे के बाद संस्था चर्चा में आई।

इस तरह आया विवादों में जाकिर का एनजीओ

इस साल एक जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक रेस्टोरेंट में आतंकी हमला हुआ था। इसमें 2 पुलिस ऑफिसर और 5 हमलावरों समेत 29 लोगों की मौत हो गई थी।

जांच में यह भी बात सामने आई थी कि हमलावरों ने घटना के वक्त जाकिर नाइक की स्पीच का हवाला दिया था।

इसके बाद ही नाइक और उसके एनजीओ विवादों में आ गए थे।

एनजीओ पर हैं यह आरोप

आईआरएफ पर आरोप हैं उसे विदेशों से मिले चंदे का पॉलिटिकल यूज, धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने और आतंकवाद फैलाने के लिए इस्तेमाल किया गया।

मुंबई के चार स्टूडेंट्स जब आईएस में शामिल होने गए थे तब भी यह बात सामने आई थी कि वे जाकिर नाइक को फॉलो करते थे।

आरोपों में घिरने के बाद होम मिनिस्ट्री ने आईआरएफ को मिलने वाले चंदे के सोर्स का पता लगाने का ऑर्डर दिया था। केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार ने जाकिर नाइक की स्पीच की सीडी की जांच के ऑर्डर दिए थे।

जाकिर नाइक का इतिहास

जाकिर का जन्म मुंबई में 18 अक्टूबर 1965 को हुआ था। उसने एमबीबीएस किया है। नाइक एक मुस्लिम धर्मगुरु, राइटर और स्पीकर है। इसके अलावा वो इस्लामिक रिसर्च फांउडेशन या आईआरएस का फाउंडर और प्रेसिडेंट है। यह फाउंडेशन पीस टीवी चैनल भी चलाता है। दावा है कि इसे दुनियाभर में करीब 100 करोड़ लोग देखते हैं। इतना ही नहीं फेसबुक पर नाइक के 1 करोड़ 14 लाख फॉलोअर हैं। नाइक पर यूके, कनाडा, मलेशिया समेत पांच देशों में पहले से ही बैन लगा हुआ है।

LIVE TV