अब ‘चार बीघा जमीन’ में फंस गया गांधी परिवार

गांधी परिवारनई दिल्ली। गांधी परिवार के साथ एक विवाद खत्‍म नहीं होता कि दूसरा कुछ यूं आकर जुड़ जाता है जैसे विवाद और गांधी परिवार का साथ चोली और दामन वाला हो। जी हां, गांधी परिवार के साथ अब एक नया विवाद जुड़ गया है और इस विवाद की वजह है हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की चार बीघा जमीन।

गांधी परिवार की एक और मुसीबत

दरअसल इस जमीन पर कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी का बंगला बन रहा है। प्रियंका का ये बंगला एक ऐसी पहाड़ी पर बन रहा है जहां प्रेसिडेंट रिट्रीट है। प्रियंका के इस बंगले को लेकर शिमला के बीजेपी विधायक सुरेश भारद्वाज ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में भारद्वाज ने बंगले को बनाने के लिए दी गई मंजूरी को रद करने की मांग की है।

अपनी चार पन्नों की चिट्ठी में सुरेश भारद्वाज ने दावा किया है कि प्रियंका गांधी का यह घर प्रेसिडेंट रिट्रीट के पास है। प्रेसिडेंट रिट्रीट वह जगह है जहां देश के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री सहित कई गणमान्य मेहमान ठहरते हैं। ऐसे में भारद्वाज ने दावा किया है कि ये घर इन सबकी सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इसके पीछे भारद्वाज ने अपनी चिट्ठी में तर्क दिया है कि इससे पहले जब इस जमीन पर नौसेना के एक अधिकारी ने घर बनाने की इजाजत मांगी थी तब उन्‍हें अनुमति देने से साफ मना कर दिया गया था। अधिकारी से कहा गया था कि ये जमीन प्रेसिडेंट्र रिट्रीट से सटी हुई है इसलिए ये जगह नो कंस्ट्रक्शन जोन में आती है। इसके बाद भारद्वाज ने सवाल उठाए कि ऐसे में अब प्रियंका गांधी को यहां घर बनाने की अनुमति देने से क्‍या इन सभी की सुरक्षा को खतरा नहीं होगा।

वहीं इसके अलावा प्रियंका गांधी के इस बंगले को लेकर आरोप ये भी हैं कि इस बंगले के लिए जमीन देने में भी नियमों की अनदेखी की गई है। साल 2007 में प्रियंका गांधी ने 48 लाख रुपए में यहां चार बीघा जमीन खरीदी थी। आरोपों के मुताबिक जब इस जमीन को बेचा गया तब यहां इसका रेट करीब एक करोड़ रुपए था।

हालांकि इस संपत्ति की खरीद फरोख्‍त बारे में जानकारी देने के लिए प्रियंका गांधी को हिमाचल हाईकोर्ट ने भी आदेश दिया है। दरअसल इससे पहले एक आरटीआई के जरिए प्रियंका से इस जमीन की खरीद फरोख्‍त का ब्‍यौरा मांगा गया था लेकिन प्रियंका ने कोर्ट में ये कहकर जानकारी देने से मना कर दिया था कि संपत्ति का ब्‍यौरा देने से उनकी जान को खतरा हो सकता है। इसके बाद ही कोर्ट ने प्रियंका की इस दलील को खारिज करते हुए उन्‍हें ब्‍यौरा देने का आदेश दिया है।

LIVE TV