यूपी में एक दिन में लगे पांच करोड़ पौधे, बन गया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

क्‍लीन यूपी लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्‍लीन यूपी ग्रीन यूपी अभियान के तहत सूबे में पांच करोड़ पौधे लगवाकर वर्ल्‍ड रिकार्ड बनाया है। मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव की इस पहल को काफी सराहना मिल रही है। सीएम की इस विशेष उपलब्धि के लिए प्रदेश सरकार को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड की तरफ से सर्टिफिकेट भी मिलने वाला है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर देहात स्थित स्नेहलता डिग्री कॉलेज से क्लीन यूपी ग्रीन यूपी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने करीब तीन हजार बच्चों के साथ पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। कानपुर जिले में कुल सात लाख पौधे लगाए गए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता से यूपी को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए पौधे लगाने और अपने-अपने घरों के साथ ही आस-पास सफाई व्यवस्था रखने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जब हमारे आस-पास का वातावरण स्वच्छ होगा, तो बीमारियां होने का खतरा नहीं रहेगा। इसलिए पौधे लगाएं और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखें। इस दौरान गिनीज बुक आफ वर्ल्‍ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद रही, जिसने पौधरोपण से संबंधित आंकड़ों की डिटेल इकट्ठा की। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी व कन्नौज की सांसद डिम्पल यादव और वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

प्रदेश सरकार पौधरोपण के माध्यम से सूबे में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने की कोशिश में जुटी है। इससे पूर्व भी प्रदेश सरकार ने सात नवंबर 2015 को पौधारोपण की मुहिम छेड़ी थी। उस समय एक दिन में आठ घंटे के दौरान 10.15 लाख पौधे लगाए गए थे। इस मुहिम को भी गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।

क्‍लीन यूपी ग्रीन यूपी के तहत मुलायम ने भी लगाए पौधे

सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कुकरैल में पौधरोपण कर क्‍लीन यूपी ग्रीन यूपी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। इस दौरान अहमद हसन, रविदास मेहरोत्रा, जिलाधिकारी राजशेखर, एसएसपी मंजिल सैनी और वन विभाग के अधिकारियों समेत अन्य लोगों ने भी पौधरोपण किया। इटावा में प्रो. राम गोपाल वर्मा ने पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। वहां पांच लाख पौधे लगाए गए।
वहीं बाराबंकी में राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा ने पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। बाराबंकी में नौ लाख पौधे लगाये गये।

प्रतापगढ़ में राजा भैया ने पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। वहां तीन लाख पौधे लगाए गए। लखीमपुर खीरी में एसएसबी के जवानों ने इंडो-नेपाल बार्डर पर 12 लाख पौधे लगाये। बरेली में कमिश्नर प्रमांशु कमार ने पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। बरेली में 70 जगहों पर 2.55 लाख पौधे लगाये गये। इसी प्रकार शाहजहांपुर में मंत्री राम मूर्ति ने पौधरोपण किया। शाहजहांपुर में 6.80 लाख पौधे लगाए गए। जबकि दुग्ध विकास मंत्री राम मूर्ति वर्मा ने अंबेडकर नगर में पौध रोपण किया। इसमें 8.10 पौधे लगाये। इसी प्रकार सूबे के अन्य जिलों में भी पौधरोपण किया गया।

LIVE TV