केवाईसी के नाम पर खाते से उड़ाए हज़ारों

केवाईसी का झांसालखनऊ: गोमतीनगर में जालसाजों ने केवाईसी का झांसा देकर इकबाल अहमद के खाते से 39 हजार रूपए  उड़ा लिए। ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर इकबाल को फोन किया और उनसे खाते और एटीएम कार्ड का ब्योरा हासिल कर लिया। इसी के बाद उनके अकाउंट से रुपये निकल गए। पीड़ित की शिकायत पर गोमतीनगर पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें आईटी एक्ट की धारा नहीं लगाई।

केवाईसी का झांसा देकर खाते से उड़ा लिए 39 हजार रूपए

गोमतीनगर में उजरियांव गांव निवासी इकबाल अहमद ने बताया कि उनका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बचत खाता है। शुक्रवार दोपहर उनके पास एक फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को एसबीआई का अधिकारी बताते हुए इकबाल से एटीएम व खाते की जानकारी मांगी।

इकबाल ने यह जानकारी मांगने की वजह पूछी तो फोनकर्ता ने बताया कि केन्द्र सरकार ने सभी खातों का केवाईसी करने का आदेश जारी किया है। यदि केवाईसी नहीं कराया गया तो खाते सीज कर दिये जायेंगे।

जालसाज की इस बात पर इकबाल भरोसा कर बैठे। उन्होंने उसे जानकारी दे दी जिसके बाद इकबाल के मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के चार मैसेज आए। पीड़ित ने बताया कि खाते से कुल 39 हजार रुपये निकाले गए थे।

पीड़ित ने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया तो ठगी का पता चला। उन्होंने फौरन अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं ठगों ने तालकटोरा के आलमनगर में रहने वाली विमला देवी के खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिये।

जालसाजों ने खाते को आधार कार्ड से लिंक करने का झांसा दिया। डराया कि ऐसा न होने से खाता सीज हो जाएगा। इससे घबराई विमला ने अपने खाते व एटीएम कार्ड का ब्योरा दे दिया।

LIVE TV