नम आंखों से ये सितारे हुए ऐश्वर्या के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल
नई दिल्ली। ऐश्वर्या राय बच्चन के पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीते दिन शनिवार को लगभग शाम 4 बजे उन्होंने अपनी आखरी सांसे ली। एक्ट्रेस के पिता कृष्णराज राय लिम्फोमा से पीडि़त थे। उनका इलाज लीलावती अस्पताल में चल रहा था। पिछले दो हफ्ते से तबियत ज्यादा खराब होने की वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। ऐश्वर्या के पिता के अंतिम संस्कार में कई सितारे पहुंचे थे।
बीती रात करीब 8:30 बजे एक्ट्रेस के पिता का अंतिम संस्कार किया गया। ऐश्वर्या और बच्चन परिवार की इस दुख की घड़ी में कई हस्तियां नम आंखो से अंतिम संस्कार में शामिल हुई। कृष्णराज राय का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले सेवा संस्थान श्मशान भूमि में किया गया।
ऐश्वर्या जनवरी में जब देश से बाहर छुट्टी मनाने गई थीं, उसी समय उनके पिता की तबियत खराब हुई थी। एक्ट्रेस को बीच में ही लौटना पड़ा था। उनके पिता की सीरियस हालत की वजह से ही बच्चान परिवार ने इस साल होली नहीं मनाई थी। डॉक्टर के मुताबिक उनके पिता ने आईसीयू में ही दम तोड़ दिया था।
ऐश्वर्या का परिवार मैंगलोर का रहने वाला है, जो बाद में मुंबई शिफ्ट हो गया था। ऐश्वर्या के एक भाई भी हैं जो मर्चेंट नेवी में हैं। ऐश्वर्या और अभिषेक की शादी साल 2007 में हुई थी।
ऐश्वर्या के पिता के अंतिम संस्कार में समय मौजूद हस्तियों की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें शाहरुख और भंसाली से लेकर अंबानी तक शामिल हुए थे।