ऐशबाग ईदगाह ने पेश की मिसाल, महिलाओं ने भी अता की नमाज

ऐशबाग ईदगाहलखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पहली बार ईद के मौके पर एक अनूठी पहल हुई। इस बार लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी ईद की नमाज अता की। ईदगाह में करीब पांच लाख लोगों ने नमाज अता की, जिनमें पांच हजार महिलाएं भी शामिल थीं।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से मौलाना खालिद फरंगी महली की पहल पर महिलाओं के लिए ईदगाह में अलग व्यवस्था की गयी थी। इन महिलाओं के लिए पहले से ही एक अलग जगह पर पर्दे लगा कर नमाज़ अता करने का प्रबंध था। इन महिला नमाजियों की इमामत खुद मौलाना खालिद रशीद ने की।

इस मौके पर मौलाना ने बताया कि ईदगाह में महिलाओं की इंट्री पर कोई प्रतिबंध नहीं है। लेकिन यह पहला मौका है जब महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ नमाज अता की है।

ईद के इस मुबारक मौके पर ईदगाह में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और गवर्नर राम नाईक भी मौजूद रहे| राज्यपाल ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि दुनियाभर के लिए ईद का त्यौहार अमन और चैन का पैगाम लेकर आता है| ये त्यौहार अनेकता में एकता और भाईचारे का सन्देश देता है|

वहीँ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी लोगों को ईद की दिली मुबारकबात दी| उनके साथ प्रदेश के नए मुख्य सचिव दीपक सिंघल, जिलाधिकारी राजशेखर और एसएसपी भी मौजूद रहे|

LIVE TV