अखिलेश का बसपा पर हमला, भ्रष्‍टाचारी न बताएं हमें शासन करना !

अखिलेशलखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछली बसपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि उनके भ्रष्टाचार को कौन नहीं जानता। उनकी सरकार में हुए भ्रष्टाचार के कारण पूरे खजाने की लूट की गई। सत्ता का दुरुपयोग किया गया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पार्टी के युवजन सभा व लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार राज्य पर कर्जा लादकर चली गई थी। पत्थरों पर बेरहमी से राजकोष का अपव्यय किया गया, इसलिए ये हमें शासन करना न सिखाएं । उन्होंने कहा कि भाजपा ने धोखा दिया। वे नारों से चुनाव लड़ना चाहते हैं। वहां नौजवानों की पूछ नहीं है। कांग्रेस की हालत तो बहुत खराब है। वे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, जिन्होंने स्वयं व्यवस्था खराब की थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव की जंग में समाजवादी पार्टी के मुकाबले कोई नहीं है। युवाओं के बल पर साल 2012 का चुनाव सपा ने जीता था। 2017 का चुनाव भी उसी तरह जीतना है। एक बार फिर सपा की सरकार ही बनेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह यह देखें कि गांवो में किसी के साथ अन्याय न हो।

सीएम ने भाजपा, बसपा व कांग्रेस के साथ-साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निशाने पर लिया। सीएम ने कहा कि दस साल तक बिहार के लोगों को शराब पिलाते रहने वाले अब शराब बंदी का अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादियों को घेरने के लिए गलत मुद्दे उठाए जा रहे हैं लेकिन जनता को भरोसा है कि समाजवादी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। जिन दलों ने कोई वादा पूरा नहीं किया और सत्ता का दुरुपयोग किया, वही दल समाजवादी सरकार के खिलाफ बोलते हैं।

LIVE TV