सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने थामा भाजपा का हाथ
नई दिल्ली। गलती से पाकिस्तान पहुंचे भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। दलबीर कौर इससे पहले अकाली दल व कांग्रेस में रह चुकी है।
दलबीर कौर के भाई सरबजीत सिंह अनजाने में भारतीय सीमा पार कर गये थे। उन्हें पाकिस्तान में कैद कर लिया गया था। बाद में पाकिस्तानी अदालत ने उन्हें आतंक फैलाने व जासूसी करने का दोषी करार दिया था।
पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट में सरबजीत पर आरोप लगाए गए थे कि उन्होंने लाहौर और फैसलाबाद में 1990 में बम धमाके प्लान किए थे। इन हमलों में 14 लोगों की जान गई थी।
सरबजीत को मृत्युदंड दिया गया था। लेकिन बाद में खबर आई कि जेल के अंदर कैदियों के हमले में उनकी मौत हो गई। वह लाहौर जेल में बंद थे।
दलबीर कौर ने अपने भाई को बचाने और वापस लाने की भरपूर कोशिश की थी। सरबजीत का मृत्युदंड टाल भी दिया गया था।