
दिल्ली के तिलक नगर में बाल कथावाचक और यूट्यूबर अभिनव अरोड़ा की कार पर बुरी तरह हमला हुआ। भीड़ ने डंडों और धातु के कड़े से कार के शीशे और बॉनेट तोड़ दिए। इस दौरान कार में अभिनव का पूरा परिवार सवार था, जिसमें उनकी चीखें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ सुनाई दे रही हैं।
घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे तिलक नगर मेन मार्केट के पास सिंगला रेस्टोरेंट के सामने हुई। अभिनव के पिता तरुण राज अरोड़ा कार चला रहे थे, जब उनकी गाड़ी एक मोटरसाइकिल को हल्का-सा छू गई। इसी छोटी-सी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ लोगों की भीड़ ने कार को घेरकर हमला बोल दिया।
अभिनव के पिता को भी मारपीट में चोटें आईं। वीडियो में एक महिला की चीख सबसे ज्यादा भयावह लग रही है, जब कार का अगला शीशा तोड़ा गया।
दिल्ली पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह रोड रेज का मामला था और जांच जारी है।
अभिनव ने खुद इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर घटना बताई और लोगों से नफरत न फैलाने की अपील की।



