
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों नेता “काम पूरा करने वाले” लोग हैं। इस बयान को अमेरिकी दूतावास ने भारत में शुक्रवार को एक्स पर शेयर किया।
ट्रंप ने लिखा, “हमारा भारत के साथ शानदार संबंध आगे और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं, जो ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता।”
यह बयान मंगलवार को ट्रंप और मोदी के बीच हुई फोन कॉल के बाद आया है। दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) की बढ़ती तनावपूर्ण स्थिति और क्षेत्र में स्थिरता की जरूरत पर चर्चा की। यह दोनों के बीच ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमलों (28 फरवरी) के बाद पहली बातचीत थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत डी-एस्केलेशन और जल्द से जल्द शांति बहाली का समर्थन करता है। साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला, सुरक्षित और वैश्विक व्यापार के लिए सुलभ रखना जरूरी है। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और महत्वपूर्ण शिपिंग रूट्स की सुरक्षा पर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।



