
दिल्ली-NCR वालों को तैयार रहना होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार 5 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।
दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन के समय भारी बारिश की संभावना कम (10%) है, लेकिन शाम या देर शाम तक थंडरस्टॉर्म विकसित हो सकता है। दक्षिण, मध्य और नई दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम और उत्तर-पूर्व दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में शाम 8-9 बजे के आसपास तेज आंधी-बारिश का खतरा ज्यादा है। पश्चिम और उत्तर दिल्ली के बड़े हिस्सों पर प्रभाव कम रह सकता है।
क्यों हो रही है अप्रैल में बारिश?
दो लगातार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे हैं। इनके साथ नॉर्थवेस्ट राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जो नमी ला रहा है। गर्म हवा और नमी के टकराव से बादल बन रहे हैं और कभी-कभी ओले भी गिर रहे हैं।
उत्तर भारत में स्थिति
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आइसोलेटेड हेलस्टॉर्म की संभावना है।
अगला दौर कब?
6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे एक बार फिर आंधी-बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।
सावधानी बरतें:
- बाहर निकलते समय मौसम अपडेट चेक करें
- खुली जगहों पर रहने से बचें
- ओले और तेज हवाओं से सावधान रहें




