उत्तर प्रदेश

यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए आज नामांकन, मतदाता सूची में सांसद-विधायक शामिल

उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए आज नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े दोपहर 12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचकर सीधे पार्टी मुख्यालय जाएंगे, जहां दोपहर दो से तीन बजे के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे। चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय नामांकन पत्र स्वीकार करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची भी जारी की जा चुकी है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय पार्षद और 425 प्रदेश परिषद सदस्यों के नाम शामिल हैं। इस सूची में पांच लोकसभा सांसद, आठ विधान परिषद सदस्य, 26 विधायक तथा विभिन्न जिलों और महानगरों के अध्यक्ष भी हैं।

पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हैं और 14 दिसंबर को आधिकारिक घोषणा की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह चयन उत्तर प्रदेश में भाजपा की भावी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

Related Articles

Back to top button