
लखनऊ, 20 फरवरी 2026: राजधानी के प्रतिष्ठित शशि भूषण बालिका विद्यालय डिग्री कॉलेज, लालकुआं में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कॉलेज परिसर में नांदी फाउंडेशन के ‘महिंद्रा प्राइड क्लासरूम’ (MPC) द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘एम्प्लॉयबिलिटी एवं डोमेन स्किल्स’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।
हुनरमंद बनेंगी छात्राएं, भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार
13 फरवरी से शुरू हुए इस सघन प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य छात्राओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर पेशेवर दुनिया की बारीकियों से रूबरू कराना था। सात दिनों तक चले विभिन्न सत्रों में छात्राओं को सॉफ्ट स्किल्स, कम्युनिकेशन, इंटरव्यू तकनीक और डिजिटल साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि कैसे आत्मविश्वास और बेहतर संवाद कौशल के जरिए वे आधुनिक रोजगार बाजार में अपनी जगह बना सकती हैं।
प्रमाण पत्र वितरण एवं प्रोत्साहन
समापन समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कॉलेज के मैनेजर श्री पंकज भट्टाचार्य और प्राचार्या प्रोफेसर अंजुम इस्लाम ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रम उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।

मुख्य अतिथि एवं उपस्थितगण
कार्यक्रम में उपप्रचार्या डॉ. चंदना बोस, नांदी फाउंडेशन के प्रतिनिधि डॉ. सुनित कुमार सोनकर, प्रोग्राम समन्वयक प्रोफेसर बिंदु और डॉ. सौरभ कुमार मिश्रा ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान सह समन्वयक डॉ. अंशुल सिंह, डॉ. अनामिका मौर्य, वरिष्ठतम शिक्षिका प्रोफेसर मधु चौहान समेत महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
‘एम्प्लॉयबिलिटी एवं डोमेन स्किल्स’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षिकाओं ने विश्वास जताया कि महिंद्रा प्राइड क्लासरूम से मिला यह प्रशिक्षण छात्राओं के करियर में एक मील का पत्थर साबित होगा।



