
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब धूप परेशान करने लगी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। तीखी धूप और बढ़ती तपिश ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पछुआ हवाओं का प्रवेश हो चुका है। शनिवार रात में तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। आने वाले दिनों में लखनऊ और आसपास के इलाकों में गर्मी और धूप की तीव्रता तेज होने के संकेत हैं।
फसलों पर बढ़ता खतरा
बढ़ते तापमान से रबी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च का महीना किसानों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। खासकर गेहूं पर असर पड़ेगा, जहां दाने पूरी तरह विकसित नहीं हो पाएंगे और उत्पादन घट सकता है। सरसों, चना और मटर जैसी फसलों को भी गर्म हवाओं से नुकसान का खतरा है। मिट्टी जल्दी सूखने से सिंचाई का खर्च बढ़ेगा और फसलों पर तनाव बढ़ेगा।



