
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को संसद में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) पर पार्लियामेंट्री कंसल्टेटिव कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमा सड़क विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑपरेशनल तैयारियों को और मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
राजनाथ सिंह ने X पर लिखा, “आज BRO से संबंधित पार्लियामेंट्री कंसल्टेटिव कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। डिफेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और ऑपरेशनल तैयारियों को मजबूत करने वाली रणनीतिक पहलों पर गहन चर्चा हुई।”
इससे एक दिन पहले मंगलवार को राजनाथ सिंह ने ग्लोबल और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति का उच्च-स्तरीय रिव्यू किया। बैठक में थलसेना, वायुसेना, नौसेना के प्रमुखों और DRDO चेयरमैन समीर कामत भी शामिल हुए।
बैठक में वेस्ट एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य पर पड़ रहे असर पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में इस संकट को “चिंताजनक” बताते हुए कहा कि इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार मार्ग और आर्थिक स्थिरता पर प्रभाव पड़ रहा है।



