
उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में अचानक अगस्त जैसा मौसम बन गया है। लखनऊ समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और आंधी का यह सिलसिला बृहस्पतिवार तक जारी रह सकता है। अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है, हालांकि उसके बाद तापमान फिर बढ़ सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर यह मौसमी बदलाव पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगा। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ समेत कई पश्चिमी जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जबकि अन्य कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा चलेगी। कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर गहरी चिंता जताई और कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलाधिकारी स्वयं फील्ड में पहुंचें, फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कराएं और समयबद्ध तरीके से मुआवजा दिलाएं। सीएम ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



