देश

सैनिटाइजर डालकर निजी अंगों में आग लगाई: गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर ने 19 साल की लड़की पर तीन दिन तक किया अत्याचार

गुरुग्राम में एक 19 वर्षीय त्रिपुरा की छात्रा ने अपने लिव-इन पार्टनर पर हैरान करने वाले अत्याचार का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी शिवम (19) ने झगड़े के बाद उसके निजी अंगों पर सैनिटाइजर डाला और आग लगा दी। इसके अलावा उसने धातु की बोतल से सिर पर वार किया, घरेलू सामान से पीटा और चाकू से हमला किया।

यह हिंसा 19 फरवरी को शादी के मुद्दे पर हुए विवाद के बाद शुरू हुई और लगातार तीन दिनों तक चली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा पीड़िता फिलहाल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। पहले गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में इलाज हुआ, फिर AIIMS और अब सफदरजंग में शिफ्ट की गई।

पुलिस ने आरोपी शिवम (दिल्ली निवासी) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों की मुलाकात सितंबर 2025 में ऑनलाइन डेटिंग ऐप से हुई थी और बाद में सेक्टर 69, गुरुग्राम में साथ रहने लगे थे। परिवारों के बीच शादी की बात भी चल रही थी।

पीड़िता की मां ने पुलिस को सूचना दी। मां ने बताया कि बेटी ने फोन पर मदद मांगी और रोते हुए कहा, “मुझे बचा लो।” मां को पता नहीं था कि बेटी लिव-इन में रह रही है। परिवार ने बलात्कार और हत्या के प्रयास के आरोप जोड़ने की मांग की है।

FIR में आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 115(2), 118(1), 127(2), 69 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर और आरोप जोड़े जा सकते हैं। जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button