
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि केरल में आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए की जीत सुनिश्चित होगी और तटीय राज्य में एलडीएफ को सत्ता से बेदखल करने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि केरल एलडीएफ सरकार को विदाई देने के लिए तैयार है। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने केरल के विकास पर कभी ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि एनडीए की नीतियों से हर वर्ग को फायदा हुआ है, खासकर महिलाओं को। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नौकरी की तलाश में युवाओं का पलायन केरल की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तटीय राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर राज्य की सभी समस्याएं हल हो जाएंगी, जिसे उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए केरल का समग्र विकास सुनिश्चित करेगा, जैसा कि उसने पूर्वोत्तर राज्यों और गोवा में किया है, जहां ईसाई आबादी काफी अधिक है।



