गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने उत्तराखंड के कोटद्वार में मोहम्मद दीपक (दीपक कुमार) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ‘कूच’ का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्होंने कहा कि दोपहर 3 बजे उनकी टीम कोटद्वार पहुंचेगी, दीपक के हल्क जिम पर जमा होगी और उसका ‘मुल्लापन निकालेगी’।
पिंकी ने आरोप लगाया कि दीपक हिंदुओं का उत्पीड़न कर रहा है और विशेष धर्म का समर्थन कर रहा है। उन्होंने ‘मुंहतोड़ जवाब’ देने और सबक सिखाने की बात कही।
यह विवाद 26 जनवरी को शुरू हुआ, जब कुछ संगठनों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की ‘बाबा’ नाम वाली दुकान पर आपत्ति जताई। दीपक ने दुकानदार का साथ दिया और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताकर भाईचारे का संदेश दिया। वीडियो वायरल होने पर उन्हें समर्थन मिला, लेकिन स्थानीय विरोध बढ़ा और जिम में सदस्यता 150 से घटकर 12-15 रह गई।
पिंकी चौधरी के ऐलान के बाद उत्तराखंड और यूपी पुलिस ने सख्ती बरती। पिंकी को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। उत्तराखंड पुलिस ने बाहरी संगठनों की एंट्री पर रोक लगाई। कोटद्वार में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



