
बजट सत्र के दौरान संसद में तनाव जारी है। INDIA गठबंधन के सांसद राज्यसभा में सत्तारूढ़ दल की आपत्तियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं। यह आपत्ति लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर लगाई गई है, जिसमें उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब ‘Four Stars of Destiny’ का जिक्र किया था।
विपक्ष का आरोप है कि सरकार राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने से रोक रही है। इस मुद्दे पर बुधवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। बैठक में विपक्षी दलों ने रणनीति तय की।
विवाद 2020 के भारत-चीन सीमा गतिरोध पर जनरल नरवणे की किताब के अंशों से जुड़ा है, जो विदेश में उपलब्ध है लेकिन भारत में प्रकाशन लंबित है। राहुल गांधी ने लोकसभा में इसे उद्धृत करने की कोशिश की, जिस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह आदि ने आपत्ति जताई और स्पीकर ने नियमों (रूल 349, 353) के आधार पर रोका। इससे लोकसभा बार-बार स्थगित हुई और कई विपक्षी सांसद निलंबित हुए।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब राज्यसभा में दे सकते हैं। लोकसभा में उनका जवाब विपक्षी हंगामे के कारण स्थगित हो गया था। लोकसभा में प्रस्ताव सरबानंद सोनोवाल ने पेश किया, जबकि राज्यसभा में सदानंद मास्टर ने। दोनों सदनों में 18 घंटे की चर्चा निर्धारित है।
लोकसभा में आगे केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा होगी। राज्यसभा की कार्यवाही पूर्व सांसद थॉमस कुथिरावट्टोम को श्रद्धांजलि से शुरू होगी। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने गुरुवार को स्थगन प्रस्ताव पेश कर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और ऊर्जा मुद्दों पर चर्चा की मांग की है।



