देश

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बड़ा विवाद: CEC ज्ञानेश कुमार से भिड़े IAS अनुराग यादव, ऑब्जर्वर पद से हटाए गए

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एक हाई-लेवल मीटिंग में बड़ा विवाद हो गया। उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग यादव, जो कोच बिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) थे, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से भिड़ गए।

मीटिंग के दौरान सीईसी ज्ञानेश कुमार ने अनुराग यादव से उनके क्षेत्र में कितने पोलिंग स्टेशन हैं, यह पूछा। अनुराग यादव इस बुनियादी जानकारी नहीं दे पाए। जब उन्होंने देर से जवाब दिया तो सीईसी नाराज हो गए और सख्त टिप्पणी करते हुए उन्हें पद से हटाने का आदेश दे दिया।

सूत्रों के अनुसार, अनुराग यादव ने जवाब देते हुए कहा, “आप ऐसे बात नहीं कर सकते… मैंने इस सेवा में 25 साल दिए हैं।” इस टकराव के बाद चुनाव आयोग ने तुरंत उन्हें कोच बिहार दक्षिण से हटा दिया। आयोग के अनुसार, यह फैसला केवल बहस के कारण नहीं, बल्कि “प्रोफेशनल इनकंपिटेंस” यानी कर्तव्य में लापरवाही और क्षेत्र की जानकारी की कमी के आधार पर लिया गया है।

अनुराग यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश में प्रमुख सचिव (समाज कल्याण) के पद पर हैं। यह घटना नौकरशाही में चर्चा का विषय बन गई है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावी ड्यूटी में बुनियादी जानकारी और जिम्मेदारी का स्तर बहुत महत्वपूर्ण है, खासकर संवेदनशील क्षेत्रों में।

Related Articles

Back to top button