
लखनऊ (गोमती नगर/भरवारा): सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक बेदी राम ने अवैध कब्जा हटाने आई नगर निगम टीम को देखकर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने गोमती नगर के भरवारा इलाके में एक लेखपाल को खुलेआम धमकाया और कहा, “दखल दोगे तो नौकरी करना मुश्किल कर दूंगा।”
विधायक ने महिला पार्षद ममता को भी गालियां दीं। इस दौरान वायरल हुई एक ऑडियो क्लिप में उनकी धमकियां साफ सुनाई दे रही हैं।
मामला विधायक बेदी राम के मैरिज हॉल से जुड़ा है, जो नाले की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना हुआ है। नगर निगम की टीम जब बुलडोजर लेकर अवैध कब्जा हटाने पहुंची, तो विधायक ने टीम को धमकाया और गालियां देकर वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।
बेदी राम पहले पेपर लीक मामले में STF द्वारा गिरफ्तार हो चुके हैं और अब इस नए विवाद में सुर्खियों में हैं। पार्षद और लेखपाल ने विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की तैयारी की है। मेयर ने कहा है कि जमीन पर कब्जा साबित होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
विधायक बेदी राम ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नाला जहां है, वहीं से जाएगा।



