
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और अधिकारी परिसर की गहन तलाशी ले रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, अदालत को दो अलग-अलग ईमेल के जरिए धमकी मिली है। पहले ईमेल में सुबह 11:15 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई थी, जबकि दूसरे में दोपहर 12:15 बजे विस्फोट होने की बात कही गई थी। पुलिस अदालत परिसर में तलाशी अभियान चला रही है और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) तथा खोजी कुत्तों की टीम को भी तैनात किया गया है।
लखनऊ के अलावा अयोध्या की सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है और वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश में तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब बम से हमला करने की धमकी मिली है। शनिवार को लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत 19 जिलों की अदालतों को बम से हमला करने की धमकी वाले ईमेल मिले थे। हालांकि, सुरक्षा बलों को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, इसलिए यह धमकी झूठी निकली।



