
उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार को तंबाकू व्यापारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा के नाम एफआईआर दर्ज की है। शिवम पर आरोप है कि उसने रविवार दोपहर कानपुर के ग्वाल टोली इलाके में तेज रफ्तार कार से पैदल यात्रियों और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी थी। एफआईआर पहले कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज की गई थी और उसमें शिवम का नाम नहीं था।
एफआईआर में तेज रफ्तार लैम्बोर्गिनी कार के बारे में बताया गया था कि उसे एक ‘अज्ञात’ व्यक्ति चला रहा था। हालांकि, मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद ही उसका नाम दर्ज किया गया। कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “दुर्घटना की एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी थी, और अब हमारी जांच में पता चला है कि चालक का नाम शिवम मिश्रा है।
शिवम मिश्रा अस्पताल में भर्ती हैं। हमारी पुलिस टीम आगे की जांच के लिए उनके घर पहुंच चुकी है… एक व्यक्ति घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कानून सबके लिए समान है, चाहे गाड़ी लैम्बोर्गिनी हो या कोई छोटी कार,” लाल ने कहा और बताया कि शिवम के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिवम तेज रफ्तार कार चला रहा था, तभी उसने नियंत्रण खो दिया और एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार पास खड़ी एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से जा टकराई। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, क्योंकि लेम्बोर्गिनी कार की चपेट में आने से वह उछलकर गिर गया।



