
थलापति विजय की फिल्म जन नायगन के सेंसर विवाद का अंत हो गया है। मद्रास हाईकोर्ट ने मेकर्स को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के खिलाफ दायर याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी है। जस्टिस पीटी आशा की सिंगल बेंच ने मंगलवार को यह फैसला सुनाया।
फिल्ममेकर्स ने 9 फरवरी को हाईकोर्ट में आवेदन देकर केस वापस लिया और फिल्म को रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजने का फैसला किया। अब फिल्म को U, U/A या A सर्टिफिकेट मिलने का इंतजार है।
जन नायगन विजय की आखिरी फिल्म है, जिसका रिलीज 9 जनवरी को होना था। सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने पर रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टल गई थी। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान CBFC ने कुछ डायलॉग्स पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और आर्मी प्रतीकों पर विशेषज्ञ न होने का हवाला दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने भी हस्तक्षेप से इनकार कर मामला मद्रास हाईकोर्ट को लौटा दिया था। अब मेकर्स ने कानूनी लड़ाई खत्म कर रिवाइजिंग कमिटी का रास्ता चुना है।
फिल्म को एच. विनोथ ने निर्देशित किया है। इसमें पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, गौतम मेनन, प्रकाश राज और प्रियमणि मुख्य भूमिकाओं में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स फरवरी में रिलीज का लक्ष्य रख रहे हैं और सर्टिफिकेट मिलते ही तारीख घोषित करेंगे।



