
नई दिल्ली में भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ८ अप्रैल २०२६ को बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान और उनके उच्च स्तरीय डेलिगेशन से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने, व्यापार, ऊर्जा, पानी के मुद्दों तथा क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर विस्तार से चर्चा की। जयशंकर ने बैठक के बाद X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
खलीलुर रहमान की यह यात्रा “गुडविल विजिट” के रूप में हुई, जो मॉरीशस में होने वाली इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस से पहले का महत्वपूर्ण स्टॉपओवर थी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच गहरे ऐतिहासिक रिश्ते लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हैं और इस दौरे से दोनों देशों की पार्टनरशिप और मजबूत होगी।
यह मुलाकात विशेष रूप से इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने और सहयोग बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में वीजा आसान करने, व्यापार बढ़ाने और आपसी विश्वास पर आधारित साझेदारी पर भी चर्चा हुई।



