
शनिवार तड़के इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईरान की राजधानी तेहरान के केंद्र में हुए विस्फोट से घना धुआं उठता देखा गया। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने विस्फोट की पुष्टि की, लेकिन नुकसान या संभावित हताहतों के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। ईरानी सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। यह विस्फोट ऐसे समय हुआ है जब तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच पहले से ही तनाव काफी अधिक है।
इजरायल की शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इन हमलों में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन की हत्या का प्रयास शामिल हो सकता है। इस दावे के संबंध में ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मेरिकी अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका इजरायल के साथ मिलकर संयुक्त हमले कर रहा है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि कम से कम 18 बड़े हमलों में मध्य तेहरान और उसके आसपास के संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाया गया। हमले का समय जानबूझकर और सुनियोजित बताया जा रहा है। हमलों के पैमाने और समन्वय ने पूरे क्षेत्र में व्यापक आपातकाल की स्थिति पैदा कर दी है, सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अधिकारी संभावित और अधिक तनाव के लिए तैयारी कर रहे हैं।



