
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने भारत को एक बड़ी राहत दी है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में भारत समेत अपने पांच मित्र देशों के जहाजों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगाएगा। भारत के अलावा रूस, चीन, पाकिस्तान और इराक के जहाजों को भी इस संघर्षग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी गई है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह जलमार्ग पूरी तरह से बंद नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन मित्र देशों ने सुरक्षित मार्ग के लिए संपर्क किया था, उनके जहाजों को ईरानी सशस्त्र बलों ने पूरी सुरक्षा प्रदान की है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि युद्ध के मौजूदा हालात को देखते हुए अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी खाड़ी देशों के जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने नहीं दिया जाएगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य के आंशिक रूप से बंद होने के कारण हाल ही में वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया था। दुनिया का लगभग 20% तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। इस रुकावट के कारण भारत में भी एलपीजी की भारी कमी हो गई थी, क्योंकि भारत अपना 90% एलपीजी यहीं से आयात करता है। लेकिन अब नंदा देवी और शिवालिक जैसे फंसे हुए भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता मिलने के बाद भारत में स्थिति सामान्य हो रही है।



