
आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास कथित तौर पर हुए हालिया सैन्य हमलों पर अपनी गहरी चिंता दोहराई है । आईएईए के एक बयान के अनुसार यह एक चालू परमाणु ऊर्जा संयंत्र है जिसमें भारी मात्रा में परमाणु सामग्री मौजूद है। इसलिए ग्रॉसी ने चेतावनी दी है कि संयंत्र को नुकसान पहुंचने से ईरान और उसके आसपास के बड़े क्षेत्र में एक बड़ा रेडियोलॉजिकल हादसा हो सकता है।
ईरान के साथ बातचीत के बावजूद, संयुक्त राज्य अमेरिका अतिरिक्त 10,000 जमीनी सैनिक भेजने पर विचार कर रहा है। यरूशलम पोस्ट के अनुसार, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में युद्ध विभाग के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि इस तैनाती में 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के भी शामिल होने की संभावना है, जो पहले से इस क्षेत्र में तैनात है।
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष में किसी भी तरह की प्रगति के संकेत नहीं दिख रहे हैं, लगातार नए हमलों की खबरें आ रही हैं। इज़राइल ने ईरान में कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले किए, वहीं तेहरान ने इज़राइल और संयुक्त अरब अमीरात की ओर मिसाइलें दागीं।



