
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र के गांव सुरजावली में एक बेहद क्रूर और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सौतेली मां पूनम ने गुस्से में आकर महज तीन साल की मासूम बेटी काव्या को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। जबकि छह साल का भाई विराट किसी तरह मौके से भागकर बच गया।
घटना बुधवार को हुई जब पूनम किसी मामूली बात पर नाराज हो गई और दोनों बच्चों को मारने लगी। छोटी काव्या की चीखें सुनकर भी आरोपी महिला ने पिटाई नहीं रोकी। गंभीर हालत में पहुंचाई गई काव्या को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पूनम अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बच्चों पर अपना गुस्सा निकालती थी।
पुलिस ने आरोपी पूनम को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, काव्या के पिता विनोद नोएडा में नौकरी करते हैं। उनकी पहली पत्नी से छह साल पहले विवाद के बाद अलगाव हो गया था। इसके बाद विनोद ने पूनम से दूसरी शादी की। शादी के बाद से पूनम को सौतेले बच्चों से चिढ़ थी। बुधवार को भी उसी चिढ़ में उसने लोहे के रॉड से काव्या को बुरी तरह पीटा।



