
हरियाणा के गुरुग्राम में एक चौंकाने वाली घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। सेक्टर-82A के रामपुरा इलाके की एक वर्कशॉप में काम करने वाले 38 वर्षीय हरविंदर की मौत उसके ही सहकर्मी के खतरनाक मजाक के कारण हो गई। आरोपी ने गुस्से में एयर कंप्रेसर की पाइप से हरविंदर के प्राइवेट पार्ट में तेज हवा भर दी, जिससे उसकी आंतें फट गईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामला 7 अप्रैल को सामने आया जब हरविंदर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले का रहने वाला था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी नरेश कुमार (40 वर्ष, राजस्थान के डींग निवासी) के साथ दोनों के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान नरेश ने मजाक के नाम पर यह घातक हरकत कर दी।
खेड़की दौला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर आरोपी नरेश कुमार को रामपुरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच चल रही है।




