दो बच्चों की हत्या कर पिता ने खुद को लगाई फांसी, पत्नी को नहीं लगने दी भनक

( रितिक भारती )

झारखंड के चक्रधरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पिता ने अपने दो बच्चों को पीट कर उनका गला दबाकर हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना इंदकाटा गांव की है।

इस घटना के बाद मुकेश ने चक्रधरपुर के ही जामिद गांव में रहने वाले अपने ससुर को फोन किया और बताया कि उसने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी है और खुद भी आत्महत्या करने जा रहा है। उसने कहा कि सुबह जल्दी आकर अपने नाती की लाश ले जाना। इतना कहने के बाद मुकेश महतो ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। हत्या और आत्महत्या की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

ससुर ने बताया कि उनकी बेटी को इस बारे में बिल्कुल भी खबर नहीं थी। वह पति और बच्चों के साथ सोई हुई थी। लेकिन यह सब कैसे और कब हुआ, उसे इस बात का बिल्कुल भी पता नहीं लग सका। सुबह जब उसने तीनों के शव देखे तो वह बेसुध होकर वहीं बैठ गई। उसका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने बताया कि हत्यारे पिता का नाम मुकेश महतो है। उसने अपने बड़े बेटे 12 वर्षीय संगम महतो और 9 वर्षीय मानसी महतो की हत्या कर, खुद भी फांसी लागा ली। पुलिस ने मौके से दो बच्चों समेत उसके पिता मुकेश महतो का शव बरामद किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। बच्चों के शरीर पर जख्म के निशान देखे गए हैं। मामले को लेकर मृतक मुकेश महतो ससुर और गांव वाले सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के पीछे की वजह क्या है, यह अब तक साफ नहीं हो पाई है। लेकिन कयास यही लगाए जा रहे हैं कि मुकेश महतो ने आर्थिक तंगी या फिर घरेलु विवाद में इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया होगा। बताया यह भी जा रहा है कि मुकेश महतो शराब का भी आदी था और मानसिक रूप से भी बीमार था।

LIVE TV