देश

दिल्ली-NCR पर घना कोहरा छाया, ठंडी लहर ने कसे शिकंजे; उड़ानें प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार की सुबह कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और जहरीली हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। दृश्यता बेहद कम होने से उड़ानें देरी से संचालित हुईं, सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं, जबकि लोग लगातार कोहरे और स्मॉग से जूझ रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहा। सुबह के समय उत्तर भारत के बड़े हिस्से पर घना कोहरा छाया रहा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा रहा। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, गाजियाबाद, बरेली, गोरखपुर और कानपुर में शून्य दृश्यता दर्ज की गई, जबकि लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच रही।

दिल्ली-एनसीआर में सुबह 8:30 बजे तक ठंडी और शुष्क मौसम की स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान 19.0 से 22.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सफदरजंग और अयानगर में 22.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.9-3.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 4.4 से 5.7 डिग्री के बीच रहा, जिसमें सफदरजंग सबसे ठंडा रहा (4.4 डिग्री)।

प्रदूषण स्तर बेहद खतरनाक
सुबह 7 बजे दिल्ली का समग्र AQI 368 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंचकर ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गया। सबसे खराब स्थिति आनंद विहार (442), पटपड़गंज (433), चांदनी चौक (427), नेहरू नगर (423), विवेक विहार (420) और जहांगीरपुरी (416) में रही। आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र में AQI 304 दर्ज हुआ।
एनसीआर शहरों में भी स्थिति चिंताजनक रही: गुरुग्राम (345), नोएडा (385), गाजियाबाद (380), फरीदाबाद (253)।

उड़ानें और यातायात प्रभावित
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से कई उड़ानें विलंबित रहीं। सड़कों पर शून्य दृश्यता के कारण वाहन धीमी रफ्तार से चल रहे थे।

आगे का मौसम पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, अगले सात दिनों तक दिल्ली में शुष्क मौसम रहेगा। आसमान साफ से आंशिक बादलों वाला रहेगा, कोई बारिश नहीं होगी। रात और सुबह का समय ठंडा रहेगा, कुछ दिनों में कोहरा या धुंध दृश्यता प्रभावित कर सकती है। दिन का तापमान 20-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिसमें 16 जनवरी के बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी दिखेगी।

18 जनवरी से न्यूनतम तापमान में सुधार होगा और यह 8-10 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button