
कांग्रेस ने अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच हुए दो सप्ताह के युद्धविराम में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी की चुप्पी और उनकी व्यक्तिगत कूटनीति की वजह से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को गहरा झटका लगा है।
जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पूरी दुनिया पश्चिम एशिया में इस सीजफायर का स्वागत कर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की खामोशी ने उन्हें स्वघोषित विश्वगुरु के रूप में पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संघर्ष 28 फरवरी को ईरान के शीर्ष नेतृत्व की हत्या से शुरू हुआ था, जो ठीक दो दिन बाद पीएम मोदी की बहुप्रचारित इजराइल यात्रा के बाद हुआ।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा सीजफायर कराने में निभाई गई भूमिका, पीएम मोदी की अत्यधिक व्यक्तिगत कूटनीति के लिए बड़ा झटका है। जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को समर्थन देने वाले पाकिस्तान को अलग-थलग करने की मोदी सरकार की नीति पूरी तरह फेल हो गई है।
उन्होंने पूछा कि एक दिवालिया अर्थव्यवस्था वाला देश, जो बाहरी मदद पर निर्भर है, इतनी बड़ी कूटनीतिक भूमिका कैसे निभा सकता है। जयराम रमेश ने यह भी कहा कि पीएम मोदी या उनकी टीम ने कभी यह नहीं बताया कि ऑपरेशन सिंदूर को 10 मई 2025 को अचानक क्यों रोक दिया गया, जिसका श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार ले चुके हैं।




