आगराउत्तर प्रदेश

आगरा: पिता ने रुकवाया अपने ही बेटे का बाल विवाह, चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की मदद से रुकी बारात

उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में एक पिता ने कानून का सम्मान करते हुए अपने ही बेटे का निकाह रुकवा कर समाज के सामने एक बड़ी मिसाल पेश की है। यह अनोखा मामला फतेहपुर सीकरी क्षेत्र का है, जहां एक मां अपने नाबालिग बेटे की शादी करवाने पर अड़ी हुई थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन पिता इस गैर-कानूनी कदम के खिलाफ थे। जब मां नहीं मानी, तो पिता ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे चाइल्ड हेल्पलाइन से इसकी शिकायत कर दी।

पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम सीधे दुल्हन के दरवाजे पर जा पहुंची। उस समय दुल्हन के घर में मेहमानों के लिए दावत चल रही थी और शादी का जश्न माहौल में था। जैसे ही पुलिस की एंट्री हुई, वहां हड़कंप मच गया और कई मेहमान मौका पाकर वहां से खिसक गए। पुलिस के सख्त रुख को देखते हुए दूल्हे की बारात दुल्हन के घर तक नहीं पहुंची और बीच रास्ते से ही रुक गई।

पुलिस ने इस मामले में लड़की पक्ष को कड़ी चेतावनी दी है कि नाबालिग की शादी कराना एक गंभीर अपराध है। इसके बाद लड़की के माता-पिता ने लिखित में आश्वासन दिया है कि वे कानूनी उम्र होने से पहले शादी नहीं करेंगे। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने लड़की के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि दोबारा ऐसी कोशिश न हो सके। पिता के इस साहसी फैसले की अब हर तरफ चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button