
पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे के बाहर सुबह 8:15 बजे हुई, जब लकी अपनी रोजाना की तरह गुरुद्वारे गए थे।
जानकारी के अनुसार, लकी थार एसयूवी में थे और कार पार्क कर रहे थे, तभी दोपहिया वाहन पर आए हमलावर ने उन पर 7-8 गोलियां दाग दीं। गोलियां सीने और सिर में लगीं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी जांच टीम खुद मौके पर पहुंचे। अभी तक हमलावर फरार हैं।
विपक्ष का तीखा हमला
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता परताप सिंह बाजवा ने घटना पर सीएम भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने X पर लिखा, “भगवंत मान के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी का क्या होगा?”
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कहा, “पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। AAP पंजाब के लिए पाप है।”
लकी ओबेरॉय की पत्नी पहले AAP से नगर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन हार गई थीं।



