आगराउत्तर प्रदेश

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: बिजौली गांव में 100 मीटर दायरे में रहते थे 5 आरोपी, गांव वाले सदमे में – “सपने में भी नहीं सोचा था”

आगरा के बाह क्षेत्र के बिजौली गांव में रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में गिरफ्तार पांच युवकों के घर महज 100 मीटर के दायरे में हैं। आरोपी दीपक शर्मा, सनी जाटव, सोनू पुरवंशी, रितिक यादव और विष्णु कुशवाह एक-दूसरे के इतने करीब रहते थे कि गांव वाले इसे उनकी आपसी सांठगांठ की वजह मान रहे हैं।

सनी जाटव का घर गांव के बीच में है, पूर्वी छोर पर रितिक यादव और विष्णु कुशवाह, पश्चिमी छोर पर दीपक शर्मा और उत्तरी छोर पर सोनू पुरवंशी का घर है। रितिक और सनी के घर अच्छी हालत में हैं, जबकि दीपक, विष्णु और सोनू के घर पुराने और जर्जर हैं। गांव वाले बताते हैं कि ये युवक सब्जी-फल बेचते थे, लेकिन धीरे-धीरे अपराध की राह पर चले गए।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिलीप वर्मा ने कहा, “भोले-भाले दिखने वाले लड़के ऐसे कारनामे कर सकते हैं, यह किसी ने सोचा नहीं था।” पूर्व प्रधान इदरीश ने बताया, “घर पर आने पर बहुत अच्छे बोलते थे, लगता नहीं था कि अपराधी बन गए हैं।” गांव में अब इनकी गिरफ्तारी की चर्चा है, लोग सदमे में हैं और एक-दूसरे के संपर्क पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस रिकॉर्ड में इनमें से किसी का आपराधिक इतिहास नहीं है। बाह थाने के प्रभारी निरीक्षक ने पुष्टि की कि बिजौली के तीनों युवकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर कोई केस दर्ज नहीं था। विष्णु कुशवाह का नाम एक मोबाइल छिनैती मामले में आया था, लेकिन वह थाने से बाहर ही निपट गया था।

गांव वाले अब इस घटना से स्तब्ध हैं और कह रहे हैं कि “गांव के छोरे ऐसा कर देंगे, यह किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।”

Related Articles

Back to top button