
दिल्ली में भारत AI इम्पैक्ट समिट के दौरान एक बेंगलुरु स्थित AI स्टार्टअप के फाउंडर ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री की विजिट से पहले स्टॉल खाली करने के दौरान उनके कंपनी के वेयरेबल AI डिवाइस चोरी हो गए। उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र से गुम हुए ये डिवाइस महज 24 घंटे में बरामद हो गए।
NeoSapien के फाउंडर धनंजय यादव ने सोशल मीडिया पर अपडेट देते हुए कहा, “हमारे डिवाइस बरामद हो गए हैं। दिल्ली पुलिस की सुपरफास्ट रिस्पॉन्स और सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। पिछले दो दिनों में मिले सभी मैसेज, मदद और प्रोत्साहन के लिए आभारी हूं।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, समिट में मौजूद दो व्यक्तियों की पहचान हुई है, जो वहां काम कर रहे थे। जांच चल रही है कि यह चोरी का मामला है या डिवाइस गलती से ले लिए गए थे। भारत मंडपम में समिट के उद्घाटन दिवस पर डिवाइस गुम होने की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की थी।
CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। धनंजय यादव ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि इससे स्टार्टअप को बड़ी राहत मिली।
यह घटना AI समिट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रही थी, लेकिन पुलिस की तेजी से कार्रवाई ने मामले को सुलझा दिया।


