
बांग्लादेश के मुंशीगंज कस्बे मेंहिंसा भड़क उठी, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम देश में संसदीय चुनावों के परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद हुआ है, जिसमें तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) ने शानदार जीत हासिल की है। हिंसा के बाद, ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने पीड़ित के लिए न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। मुंशीगंज में हुई इस मौत के लिए छात्रों के नारे लगाते और जिम्मेदार लोगों से सवाल करते हुए वीडियो भी वायरल हो गए हैं। वीडियो में छात्रों को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “हत्यारों के खिलाफ सीधी कार्रवाई होनी चाहिए।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। खबरों के मुताबिक मतदान के दौरान मुंशीगंज के एक मतदान केंद्र पर देसी बम धमाका हुआ। यह धमाका सदर उपज़िला के मोल्लाकंडी यूनियन स्थित मखाती गुरुचरण हाई स्कूल मतदान केंद्र पर हुआ और इसमें प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के समर्थक शामिल थे। हालांकि इस घटना से मतदान में थोड़ी देर के लिए बाधा आई, लेकिन अधिकारियों ने इसे ‘मामूली घटना’ बताया। बांग्लादेश के प्रोथोम आलो की एक रिपोर्ट के अनुसार, मतदान समाप्त होने और परिणाम घोषित होने के बाद कई जिलों में हिंसा भड़क उठी, जिसमें 80 से अधिक लोग घायल हो गए।



