
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दो दिवसीय भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें रूसी भाषा में श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की। यह भेंट दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान हुई, जो भारत-रूस संबंधों में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयाम जोड़ती है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में गीता की प्रति भेंट की। गीता के ज्ञान और संदेश दुनिया भर के करोड़ों लोगों को प्रेरणा देते हैं।” यह भेंट पुतिन के स्वागत के तुरंत बाद पीएम आवास पर निजी रात्रिभोज के दौरान हुई।
पालम एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया, जहां दोनों नेताओं ने गले मिलकर पुरानी दोस्ती का इजहार किया। क्रेमलिन ने इस स्वागत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम मोदी का विमान के पास जाकर मिलना अप्रत्याशित था और रूसी अधिकारियों को पहले सूचना नहीं मिली थी। यूक्रेन युद्ध के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है, जो दोनों देशों की मजबूत साझेदारी को रेखांकित करती है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का दिल्ली में स्वागत करते हुए खुशी हुई। आज शाम और कल की बैठकों को लेकर उत्साहित हूं। भारत-रूस दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है, जिससे हमारे लोगों को अपार लाभ हुआ है।”
पुतिन का 5 दिसंबर का पूरा शेड्यूल
भारत दौरे के दूसरे दिन पुतिन का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा। सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत समारोह होगा, उसके बाद 11:30 बजे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। दोपहर 11:50 बजे हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी, जो 1:50 बजे संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट के साथ समाप्त होगी।
शाम 3:40 बजे भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे, जिसमें प्रमुख उद्योगपति शामिल हो सकते हैं। रात 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के न्योते पर राष्ट्रपति भवन में भोज होगा, उसके बाद रात 9 बजे पुतिन मॉस्को रवाना हो जाएंगे।




