
उत्तर प्रदेश में सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। पहाड़ों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के असर से तापमान लगातार गिर रहा है, जबकि रातों में कोहरा और धुंध ने दृश्यता को कम कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन का तापमान एक-दो डिग्री सेल्सियस लुढ़क सकता है, जबकि सुबह कोहरा और दिन में धुंध बनी रहेगी। लेकिन दो दिन बाद मौसम में यू-टर्न आने के आसार हैं, जब बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने सिस्टम से 26 से 28 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में आंशिक वृद्धि भी दर्ज हो सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है। शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट का सिलसिला बुधवार-बृहस्पतिवार तक जारी रह सकता है। लेकिन शुक्रवार से कोहरे का घनत्व कम होगा और हल्का-मध्यम कोहरा ही रहेगा। न्यूनतम तापमान 11-15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, हालांकि 26-28 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से भारी बारिश की संभावना है, जो सर्दी को थोड़ा कम कर सकता है। अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री तक सीमित रहेगा।
मंगलवार सुबह बरेली और कुशीनगर में 400 मीटर की न्यूनतम दृश्यता के साथ मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। गोरखपुर, आगरा, मुरादाबाद, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अलीगढ़, अमेठी, बलिया और प्रयागराज में हल्का कोहरा देखा गया। आगरा, गोरखपुर और अलीगढ़ में दृश्यता 500 मीटर रही, जबकि लखनऊ में 1000 मीटर। दिन चढ़ने पर कोहरा छंटेगा, लेकिन धुंध बनी रहेगी। रात के तापमान में बुधवार से कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यात्रियों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 50 जिलों में 25 नवंबर तक कोहरे का अलर्ट जारी है, जो दृश्यता को 50-200 मीटर तक कम कर सकता है।





