कर्नाटक: पाकिस्तान को जहाज निर्माण की गोपनीय जानकारी भेजने के आरोप में सुल्तानपुर के दो युवकों को पुलिस ने दबोचा, 3 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत

कर्नाटक के उडुपी जिले की पुलिस ने शुक्रवार (21 नवंबर 2025) को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के दो संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार किया, जो भारतीय नौसेना के जहाजों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में वांछित थे।

आरोपी रोहित (29 वर्ष) और संतरी (37 वर्ष) को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 (आधिकारिक राजद्रोह) और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (OSA) की धारा 3 व 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उडुपी पुलिस अधीक्षक हरीराम शंकर ने बताया कि रोहित उडुपी कोचीन शिपयार्ड (मालपे) में इंसुलेटर के पद पर कार्यरत था, जबकि संतरी कोच्चि शिपयार्ड (केरल) में काम करता था। दोनों M/S Shushma Marine Pvt Ltd के संविदा कर्मचारी थे, जो कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड का सब-कॉन्ट्रैक्टर है।

प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि रोहित ने केरल शिपयार्ड में काम करते हुए नौसेना के जहाजों की सूची, पोत संख्या (वेसल आईडी), निर्माण विवरण और अन्य गोपनीय डेटा व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिए पाकिस्तानी नंबरों पर भेजा था। छह महीने पहले मालपे ट्रांसफर होने के बाद भी वह संतरी से जानकारी लेता रहा और इसे पाकिस्तान भेजता रहा। यह गतिविधि पिछले 18 महीनों से चल रही थी, जिसमें पैसे के लालच में संवेदनशील जानकारी बेची गई।

मामला कैसे खुला

यह खुलासा 19 नवंबर को तब हुआ जब उडुपी कोचीन शिपयार्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने मालपे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच करकला उप-मंडल की सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) हर्षा प्रियंवदा के नेतृत्व वाली टीम (PSI अनिल कुमार डी, ASI हरीश और PC रवि जाधव) ने की। पुलिस को शक है कि यह भारत की संप्रभुता, एकता और आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा था। रोहित के फोन से पाकिस्तानी कॉन्टैक्ट्स और ट्रांजेक्शन डिटेल्स बरामद हुई हैं।

LIVE TV